सम्पादक, देवेन्द्र सिंह राय
विकासनगर 13 जुलाई। सामाजिक सरोकारों को समर्पित लोक पंचायत के तत्वावधान में प्रदेश भर में हो रही भारी वर्षा एवं प्राकृतिक आपदा से हो रहे नुकसान को रोकने के लिए विधिवत काली मंदिर कालसी में हवन यज्ञ एवं पूजन कर प्रदेश के खुशहाली की कामना की गई।
विधानसभा के पूर्व सूचना अधिकारी एवं लोक पंचायत के सदस्य भारत चौहान ने कहा है कि प्रदेश मे भारी वर्षा एवं प्राकृतिक आपदा के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है, ऐसे में जब मनुष्य के सामने संकट उत्पन्न होता है तब हम देवता के शरण में जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खुशहाली एवं जौनसार बावर, हिमाचल प्रदेश में आपदा के कारण अनेक लोग अल्पायु में काल के ग्रास में समा गए उन सभी की आत्माओ की शांति के लिए हवन यज्ञ किया गया।
काली माता मंदिर के मुख्य पुजारी महंत भारत भूषण शर्मा ने कहा है कि जब भी इस प्रकार की आपदा आती है तब मनुष्य, जीव जंतुओं एवं क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि के लिए भारतीय संस्कृति में यज्ञ करने की परंपरा रही है, उन्होंने कहा है कि भारत की संस्कृति विश्व कल्याण की कामना करती है यज्ञ करने से प्रकृति मे भी शुद्ध वातावरण का निर्माण होता है साथ ही मनुष्य के दुख और कष्टों का भी निराकरण होता है।
लोक पंचायत के सदस्य प्रीतम चौहान ने कहा है कि किसी भी दुर्घटना में अल्पायु में मृत्यु होना परिवार व क्षेत्र के लिए कष्टकारी होती है मृतक आत्मा भटकती रहती है उन सभी आत्माओं की शांति के लिए यज्ञ हवन किया गया हैं। हिंदू धर्म में यज्ञ हवन से धार्मिक और वैज्ञानिक दोनों ही प्रकार के लाभ प्राप्त होते हैं।
इस दौरान लोक पंचायत के सदस्य गंभीर सिंह चौहान, सतपाल चौहान, राकेश तोमर, सुरेश शर्मा, केसर चौहान आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे।